Home / Uncategorized / तारबाहर में मारपीट और चाकूबाजी की घटनाओं से लोग परेशान, पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठ रहे सवाल

तारबाहर में मारपीट और चाकूबाजी की घटनाओं से लोग परेशान, पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठ रहे सवाल

बिलासपुर। शहर में आए दिन मारपीट और चाकूबाजी की घटनाएं सामने आने से आम नागरिकों में भय का माहौल बना हुआ है। इन घटनाओं पर अंकुश लगाने में पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठने लगे हैं। ऐसा ही एक मामला तारबाहर क्षेत्र में घोड़ादाना स्कूल के पास जे.डी. ऑफिस के सामने देर रात देखने को मिला, जहां कुछ युवक आपस में मारपीट करते हुए सीसीटीवी कैमरे में नजर आ रहे हैं।

स्थानीय रहवासियों के अनुसार, इस क्षेत्र में आए दिन मारपीट और विवाद की घटनाएं होती रहती हैं। इसके चलते लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है। रहवासियों का कहना है कि क्षेत्र में हो रही इन घटनाओं को लेकर कई बार संबंधित थाना में शिकायत की जा चुकी है, लेकिन इसके बावजूद समस्या का स्थायी समाधान होता नजर नहीं आ रहा है।

रात के समय इस तरह की घटनाएं होने से स्थानीय लोगों को किसी बड़ी वारदात की आशंका बनी रहती है। रहवासियों ने पुलिस प्रशासन से क्षेत्र में नियमित गश्त बढ़ाने, असामाजिक तत्वों पर सख्त कार्रवाई करने और सीसीटीवी फुटेज की जांच कर दोषियों की पहचान करने की मांग की है।

अब देखना होगा कि पुलिस प्रशासन इस मामले को कितनी गंभीरता से लेता है और क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए क्या कदम उठाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *