Home / Uncategorized / धनतेरस में ज्वैलरी दुकान में हुई चोरी,करीब 2 लाख का माल हुआ पार

धनतेरस में ज्वैलरी दुकान में हुई चोरी,करीब 2 लाख का माल हुआ पार

बिलासपुर- न्यायधानी के सदर बाजार स्थित एक ज्वेलर्स दुकान में धनतेरस की भीड़ का फायदा उठाकर सोने के जेवर चोरी करने का मामला सामने आया है। अज्ञात व्यक्ति दुकान के काउंटर से करीब 1 लाख 90 हजार रुपये कीमत के सोने के दो जोड़ी झाले लेकर फरार हो गया। दुकान संचालक की शिकायत पर सिटी कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस में दर्ज FIR के मुताबिक, सदर बाजार मेन रोड स्थित रितेश ज्वेलर्स के संचालक ने शिकायत में बताया कि 6 नवंबर 2026 को धनतेरस का त्योहार होने के कारण दुकान में काफी भीड़ थी। दोपहर करीब 12 बजे संचालक और कर्मचारी ग्राहकों को सोने-चांदी के जेवर दिखाकर बिक्री कर रहे थे। इसी दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने दुकान के काउंटर से सोने के दो जोड़ी झाले (लटकन) चोरी कर लिए।
चोरी हुए जेवर 20 कैरेट सोने के बताए गए हैं, जिनका कुल वजन करीब 14 ग्राम और कीमत लगभग 1 लाख 90 हजार रुपये है। घटना के बाद संचालक अपने स्तर पर जेवरों की तलाश करता रहा, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिलने पर 20 नवंबर को सिटी कोतवाली पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई।
सिटी कोतवाली पुलिस ने FIR क्रमांक 0698/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 305(a) में अपराध दर्ज किया है। फिलहाल अज्ञात आरोपी की तलाश और मामले की जांच की जा रही है।

सीसीटीवी में दिख रहा संदिग्ध

बताया जा रहा है कि रितेश ज्वेलर्स में हुई चोरी के मामले का संदिग्ध आरोपी सीसीटीवी फुटेज में साफ दिख रहा है जिसकी पुलिस ने अब छानबीन शुरू भी कर दी है, बहरहाल देखना होगा कि पुलिस इस मामले में आरोपी तक कब तक पहुंच पाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *